मनासा। जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों एवं वाहन चोरों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मनासा पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चोरी गया ट्रैक्टर बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद ट्रैक्टर की कीमत करीब 8.60 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल तथा एसडीओपी शाबेरा अंसारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार फरियादी का महिंद्रा कंपनी का लाल रंग का युवो टेक प्लस-575 ट्रैक्टर 28-29 जून 2026 की दरमियानी रात अज्ञात बदमाश चोरी कर ले गए थे। फरियादी की रिपोर्ट पर 30 जून 2026 को थाना मनासा में अपराध क्रमांक 319/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल पिता कमल सिंगार (20) निवासी बईड़ा, तहसील किशनगढ़, जिला बांसवाड़ा (राजस्थान), हाल मुकाम भाटखेड़ी बुजुर्ग, थाना मनासा को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने ट्रैक्टर चोरी करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से महिंद्रा युवो टेक प्लस-575 ट्रैक्टर (सीडल सहित) बरामद कर लिया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8.60 लाख रुपये है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निलेश अवस्थी, उप निरीक्षक तेजसिंह सिसोदिया, सहायक उप निरीक्षक दिलीप कुमार कलमोदिया, प्रधान आरक्षक नरेंद्र मालवीय तथा आरक्षक ईश्वर चौहान, पिंकेश मोगिया एवं विनोद भाटी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।