देवास। शिवाजी नगर स्थित एक निजी हनुमान मंदिर से भगवान की प्रतिमा पर चढ़ा चांदी का मुकुट चोरी हो गया। पूरी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे एक महिला दर्शन के बहाने मंदिर में आई और मौका पाकर चांदी का मुकुट लेकर फरार हो गई। घटना के समय मंदिर के सदस्य घर से बाहर गए हुए थे।
शाम को जब मुकुट गायब मिला तो सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर चोरी का खुलासा हुआ। इसके बाद मामले की सूचना कोतवाली पुलिस को दी गई, जिस पर पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।