खरगोन। खरगोन शहर के तवडी मछली बाजार नाला क्षेत्र में मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश के कारण बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भारी बारिश के चलते एक मकान की छत टूटकर पास स्थित गुलाम मोहम्मद के कच्चे मकान पर जा गिरी, जिससे पूरा मकान ढह गया।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। घर में सो रही जैनब और रोशनी ने बताया कि अचानक तेज धमाके की आवाज के साथ मकान गिरने लगा। आवाज सुनते ही परिवार के सभी सदस्य, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल थे, तुरंत घर से बाहर निकल आए। समय रहते बाहर निकल जाने से जनहानि नहीं हुई।
हालांकि हादसे में मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घरेलू सामान, फर्नीचर तथा रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुएं मलबे में दबकर नष्ट हो गईं।
हादसे के बाद परिवार बेघर हो गया है और उनके सामने रहने व खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई है। प्रभावित परिवार ने प्रशासन से राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।