नीमच। समाज के दो महत्वपूर्ण स्तंभ चिकित्सकों एवं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की सेवाओं को सम्मान देने के उद्देश्य से ज्ञानोदय मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में डॉक्टर्स डे एवं सीए डे के उपलक्ष्य में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इनर व्हील क्लब और रोटरी क्लब डायमंड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा एवं वित्तीय क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के अध्यक्ष डॉ. मनीष चामड़िया एवं सचिव डॉ. आदित्य भंडारी रहे। दोनों क्लबों की ओर से चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स का दुपट्टा, पुष्पमाला, अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया तथा समाज, मानवता और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि चिकित्सक अपनी सेवा, ज्ञान और संवेदनशीलता के माध्यम से लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं, वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट देश की आर्थिक व्यवस्था को पारदर्शी, सुदृढ़ और व्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। दोनों ही पेशे कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के उत्कृष्ट उदाहरण हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी एवं इनर व्हील क्लब की प्रार्थना से हुआ। समारोह में दोनों क्लबों के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सरोज गांधी ने किया।
गरिमामय वातावरण में आयोजित इस समारोह के माध्यम से सेवा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के सम्मान का संदेश समाज तक पहुंचाया गया।