मनासा। कलेक्टर, जिला नीमच के निर्देशानुसार मनासा थाना परिसर में राजस्व एवं पुलिस विभाग का संयुक्त शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्देश्य भूमि संबंधी विवादों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण कर आमजन को राहत प्रदान करना था।
शिविर में एसडीएम किरण आंजना, तहसीलदार मुकेश निगम, नायब तहसीलदार रूपसिंह राजपूत, थाना प्रभारी निलेश अवस्थी तथा राजस्व अमले के पटवारी उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान कुल 64 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें मुख्य रूप से रास्ता विवाद, अतिक्रमण एवं अन्य भूमि संबंधी मामलों से जुड़े आवेदन शामिल थे। अधिकारियों ने अधिकांश मामलों का मौके पर ही सुनवाई कर निराकरण किया, जबकि शेष प्रकरणों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से इस प्रकार के संयुक्त शिकायत निवारण शिविर आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।