देवास | कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देश पर देवास शहर में कोचिंग संस्थानों की फायर सेफ्टी व्यवस्थाओं की सघन जांच की गई। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर प्रशासन ने राम नगर चौराहा स्थित DC कोचिंग क्लास को सील कर दिया।
नगर निगम एवं संबंधित विभागों की संयुक्त टीम ने विभिन्न कोचिंग संस्थानों में फायर सेफ्टी एनओसी, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। जांच में DC कोचिंग क्लास में आवश्यक अग्नि सुरक्षा उपकरण नहीं मिलने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए संस्थान को सील कर दिया गया।
वहीं, सीजी ट्यूटोरियल्स में आग लगने की स्थिति में विद्यार्थियों के सुरक्षित बचाव और निकासी को लेकर मॉक ड्रिल कराई गई। इसके अलावा तारानी कॉलोनी स्थित अग्रवाल कोचिंग क्लासेस, UCMAS कोचिंग क्लासेस और HKRY YTEK एजुकेशन सहित अन्य संस्थानों का भी निरीक्षण किया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायर सेफ्टी नियमों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।