झाबुआ। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देश पर जिले में अवैध खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में जिला खनिज अधिकारी जुवानसिंह भिड़े के नेतृत्व में विभागीय अमले ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त चार वाहनों को जब्त किया है।
जिला खनिज अधिकारी ने बताया कि 27 जून 2026 को ग्राम बन टोल प्लाजा के समीप खनिज रेत का अवैध परिवहन करते हुए डंपर क्रमांक MP13-H1087 को जब्त किया गया। वाहन को जब्त कर कलेक्टर कार्यालय स्थित खनिज शाखा परिसर में सुरक्षित रखा गया है।
इसी प्रकार 1 जुलाई 2026 को तहसील थांदला के अंतर्गत काकनवानी चौकी क्षेत्र में खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर डंपर क्रमांक DD01-L9414 को जब्त कर थाना काकनवानी की अभिरक्षा में सौंपा गया। वहीं ट्रक क्रमांक MP09-HH9564 एवं MP09-AE2577 को भी अवैध खनिज परिवहन के आरोप में जब्त कर कलेक्टर कार्यालय (खनिज शाखा) परिसर में खड़ा कराया गया है।
चारों वाहनों के विरुद्ध मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। संबंधित प्रकरणों को अधिनिर्णय के लिए अपर कलेक्टर न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।