नीमच। बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन ठगी की घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक प्रदेशभर में 'सेफ क्लिक-2.0' अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को नीमच जिले में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभिन्न स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत पुलिस लाइन कनावटी, ग्वालटोली, पुरानी पुलिस लाइन, बघाना एवं कुकड़ेश्वर पुलिस आवासीय परिसरों में पुलिस परिवारों को साइबर स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। वहीं नीमच कैंट, जावद, जीरन थाना परिसर एवं हॉस्पिटल चौराहा सहित विभिन्न स्थानों पर आम नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रमों में डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाएं, व्हाट्सएप हैकिंग, फर्जी कैशबैक ऑफर, जॉब स्कैम, फेक सोशल मीडिया प्रोफाइल, मैट्रिमोनियल फ्रॉड, बैंकिंग एवं पेंशन संबंधी साइबर धोखाधड़ी से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही नागरिकों को मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपनी बैंकिंग एवं व्यक्तिगत जानकारी किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई।
पुलिस ने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। अभियान के दौरान पंपलेट वितरित कर लोगों को साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने का संदेश भी दिया गया।