नीमच। जिले के सिंगोली थाना क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल सुलाबावजी और अथवा खुर्द के बीच बुधवार सुबह एक युवक का शव पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सिंगोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए रतलाम से एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दयाल सिंह पिता कमल सिंह राजपूत (25) निवासी ग्राम उगरान, थाना जीरन के रूप में हुई है। वह पेशे से चालक था। सरपंच की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेजा, जहां चिकित्सकों के पैनल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया।
मृतक के परिजनों ने मामले में हत्या की आशंका जताते हुए आरोप लगाया कि दयाल सिंह के शरीर पर चोट के निशान थे तथा उसके पैर भी रस्सी से बंधे हुए मिले। परिजनों का कहना है कि मृतक का एक युवती से संपर्क था और कुछ दिन पहले उसे धमकियां भी मिली थीं। उन्होंने प्रेम प्रसंग और पूर्व में हुए विवाद के एंगल से निष्पक्ष जांच की मांग की है। हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
देर शाम तक जिला अस्पताल में परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही। निष्पक्ष जांच और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही विधायक दिलीप सिंह परिहार और जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती सहित अन्य जनप्रतिनिधि जिला अस्पताल पहुंचे। विधायक ने पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास से चर्चा कर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने की मांग की। फिलहाल शव जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।