रतनगढ़। प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत रतनगढ़ थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 203 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा, एक हुंडई क्रेटा कार और मोबाइल फोन सहित करीब 40.55 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं एसडीओपी रोहित राठौर के मार्गदर्शन में रतनगढ़ थाना पुलिस ने 30 जून की रात मानपुरा फंटा के समीप वाहन चेकिंग के दौरान बिना नंबर की सफेद हुंडई क्रेटा कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी में कार से 203 किलोग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी कमलेश उर्फ सचिन (21) पिता माधुलाल धाकड़, निवासी ग्राम कंथारिया, थाना बेगूं, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 30.45 लाख रुपए मूल्य का डोडाचूरा, 10 लाख रुपए कीमत की क्रेटा कार तथा 10 हजार रुपए का एंड्रॉयड मोबाइल जब्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब उससे डोडाचूरा के स्रोत और तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक भूरालाल भाबर एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।