नीमच। ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन एवं आजीविका सशक्तिकरण को नई दिशा देने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा शुरू किए जा रहे ‘विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)’ का शुभारंभ 2 जुलाई 2026 को जिले में किया जाएगा। इस अवसर पर जिले की तीनों जनपद पंचायतों में जन सम्मेलन एवं लॉन्च कार्यक्रम आयोजित होंगे, जहां राष्ट्रीय स्तर के शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार जनपद पंचायत नीमच के ग्राम पंचायत भरभड़िया, जावद के ग्राम पंचायत सुवाखेड़ा तथा मनासा के जनपद सभा कक्ष में कार्यक्रम आयोजित होंगे। इनमें जनप्रतिनिधि, पंचायत राज संस्थाओं के पदाधिकारी, मनरेगा जॉब कार्डधारी श्रमिक, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान मिशन के उद्देश्य, नवीन प्रावधान एवं प्रमुख विशेषताओं की जानकारी पोस्टर और बैनरों के माध्यम से दी जाएगी। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं समन्वय के लिए संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाया गया है।
इस अवसर पर ग्रामीण श्रमिकों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा के तहत 1 जुलाई 2026 से मनरेगा के अंतर्गत मजदूरी दर 261 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रतिदिन कर दी गई है। इससे ग्रामीण श्रमिकों की आय में वृद्धि होगी और उनके जीवन स्तर में सुधार आएगा।
श्विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण)श् का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों को रोजगार एवं आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। यह मिशन आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण, ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने तथा गरीब एवं वंचित वर्ग के सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।