मंदसौर। जिले में अपराधियों और फरार वारंटियों पर शिकंजा कसने के लिए मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात पुलिस ने व्यापक कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। अभियान के दौरान 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 64 किलो 930 ग्राम डोडाचूरा और उसके परिवहन में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। इसके अलावा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और शांति भंग के मामलों में भी कार्रवाई की गई।
अभियान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. बघेल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) रामसनेह मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाया गया। इसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित 450 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।
पुलिस ने अभियान के दौरान 69 स्थायी वारंटी सहित कुल 116 वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें धारा 138 के 18, विद्युत अधिनियम के 32, अन्य मामलों के 19 तथा 36 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं। साथ ही 65 निगरानी बदमाश, 70 गुंडा-बदमाश सहित कुल 135 हिस्ट्रीशीटर एवं जिलाबदर अपराधियों की भी जांच की गई।
गरोठ थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 64 किलो 930 ग्राम डोडाचूरा एवं एक पिकअप वाहन जब्त किया। मामले में आगे की जांच जारी है।
इसके अलावा पुलिस ने 11 आबकारी प्रकरणों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर 57.24 लीटर अवैध शराब (अनुमानित कीमत 22,840 रुपए) जब्त की। वहीं धारा 151 के तहत 14 प्रकरणों में 18 लोगों पर कार्रवाई की गई। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 10 चालान बनाकर 5 हजार रुपए समन शुल्क वसूला गया, जबकि जुआ-सट्टा के 10 मामलों में 15 आरोपियों से 17,150 रुपए जब्त किए गए।