नीमच। सनातन धर्म के प्रखर संत एवं निरंजनी अखाड़ा के पीठाधीश्वर परम पूज्य आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानंद गिरी जी महाराज के 11 जुलाई को प्रस्तावित नीमच आगमन को लेकर शहर में श्रद्धा, उत्साह और आध्यात्मिक माहौल बना हुआ है। तैयारियों के तहत बुधवार को चंद्रभंवर भवन में कार्यक्रम कार्यालय का विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विधायक दिलीप सिंह परिहार, भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष पवन पाटीदार, प्रहलाद राय गर्ग, जैन समाज के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष संतोष चोपड़ा, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, दिवाकर संगठन समिति के पदाधिकारी तथा विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री कैलाशानंद गिरी जी महाराज का सान्निध्य किसी भी नगर के लिए सौभाग्य का विषय है। उनके ओजस्वी प्रवचन समाज में आध्यात्मिक चेतना, राष्ट्रभक्ति, संस्कृति संरक्षण एवं मानव सेवा की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से इस ऐतिहासिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान किया।
आयोजन समिति के अनुसार 11 जुलाई को दोपहर 12 बजे से नगर के टाउन हॉल में आचार्य श्री के भव्य आशीर्वचन एवं दर्शन कार्यक्रम का आयोजन प्रस्तावित है। कार्यक्रम में प्रदेश एवं देश की अनेक राजनीतिक हस्तियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, उद्योगपतियों, धर्मप्रेमियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
कार्यक्रम कार्यालय के शुभारंभ के साथ ही आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का कार्य तेज कर दिया गया है। समाजसेवी संतोष चोपड़ा ने कहा कि पूज्य आचार्य श्री का यह आगमन नीमच के धार्मिक एवं सांस्कृतिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण और अविस्मरणीय अध्याय साबित होगा।