नीमच। नीमच-सिंगोली निर्माणाधीन मार्ग पर बुधवार दोपहर नेवड़ गांव के समीप दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 22 वर्षीय राकेश पिता बाबूलाल बंजारा, निवासी ग्राम गुरुतलाई के रूप में हुई है। राकेश अपने मामा के गांव केनपुरा से बाइक से घर लौट रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसे में घायल दोनों युवकों का जिला अस्पताल में उपचार जारी है। वहीं चिकित्सकों ने जांच के बाद राकेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर मर्ग कायम कर लिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।