शाजापुर। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देशन में शाजापुर साइबर पुलिस ने जून 2026 के दौरान साइबर अपराधों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर साइबर ठगी के मामलों में करीब 10.65 लाख रुपए विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कराए। न्यायालय के आदेश के बाद 3.91 लाख रुपए की राशि संबंधित पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई गई।
इस अवधि में साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे 49 मोबाइल नंबर और 95 आईएमईआई नंबर भी नियमानुसार ब्लॉक कराए गए, जिससे साइबर अपराधियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में सफलता मिली।
शाजापुर पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधों की रोकथाम, अपराधियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई और पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि वे किसी भी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार होते हैं, तो तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी गई राशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है।