नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नवप्रवेशित छात्राओं का दीक्षारंभ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 छात्राओं ने भाग लिया। राष्ट्रगीत से शुभारंभ के बाद छात्राओं का कुमकुम तिलक लगाकर महाविद्यालय परिवार में स्वागत किया गया।
प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और सोशल मीडिया के दुष्प्रभावों से दूर रहकर जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय परिवार छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करेगा।
प्रवेश प्रभारी डॉ. हीर सिंह राजपूत ने बताया कि दीक्षारंभ कार्यक्रम के तहत आगामी तीन दिनों तक विभिन्न गतिविधियों का आयोजन होगा, जिनमें छात्राओं को शासन की योजनाओं, करियर मार्गदर्शन तथा महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने अपना परिचय देते हुए छात्राओं को सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं एनसीसी इकाई की छात्राओं ने डॉ. बीना चौधरी के मार्गदर्शन में नवप्रवेशित छात्राओं के लिए टंग ट्विस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आनंद लिया।