बुरहानपुर। शहर में कब्रस्तान का विवाद तूल पकड़ता जा रहा है, जिसे लेकर दोनों पक्ष के लोग जनसुनवाई में अपनी शिकायत लेकर पहुंचे। दरअसल यह पूरा मामला शिकारपुरा थाने के पास मुस्लिम कब्रस्तान का है जहाँ कुछ दिन पहले कुछ लोगों ने कब्रों पर बुलडोजर चला दिया था, जिसे लेकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नाराजगी दिखाते हुए शिकारपुरा थाने पर शिकायत की थी।
उक्त शिकायत पर कार्यवाही ना होने पर सभी शिकायतकर्ता मंगलवार को जनसुनवाई में एडिशनल एसपी के पास पहुंचे और उक्त मामले में पूर्व पार्षद नौमान उर्फ राजू पार्षद सहित पांच लोगों के खिलाफ कब्रस्तान की जमीन को बेचने का आरोप लगाते हुए कार्यवाही की मांग करने लगे।
इस दौरान राजू पार्षद भी अपनी शिकायत लेकर पहुँचे। राजू पार्षद ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उक्त कब्रस्तान की जमीन को उनके पूर्वजों ने ही दान किया था और जिस जमीन को उन्होंने समतल किया है वहां कोई कब्र नहीं थी। मुझ पर जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वह बेबुनियाद है।
इस पूरे मामले में एडिशनल एसपी ने जांच के बाद कार्यवाही की बात की है।