नीमच। महावीर इंटरनेशनल के 52वें स्थापना दिवस पखवाड़े के अंतर्गत महावीर इंटरनेशनल प्रियदर्शिनी, नीमच द्वारा ष्शिक्षा का दान- महादानष् सेवा प्रकल्प के तहत एकता कॉलोनी स्थित सेवा भारती के संस्कार केंद्र में अध्ययनरत 60 जरूरतमंद बच्चों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को स्लेट, पेंसिल, रबर, चॉक और कॉपियां प्रदान की गईं। साथ ही संस्कार केंद्र को आवश्यक उपयोगी सामग्री भी भेंट की गई। इस सेवा कार्य का आयोजन क्लब की अध्यक्ष रज़िया अहमद एवं उनके परिवार के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि नारायण सिंह राठौड़ उपस्थित रहे। इस अवसर पर सूरजमल अग्रवाल, आशा सांभर, प्रदीप धाकड़, मधु धाकड़, श्रीपाल मारू, संगीता सहित कॉलोनी के अनेक रहवासी मौजूद रहे।
अतिथियों ने कहा कि शिक्षा समाज को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है और जरूरतमंद बच्चों तक शैक्षणिक संसाधन पहुंचाना एक बड़ा सामाजिक दायित्व है। उन्होंने ऐसे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इससे बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहन मिलता है और उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार होती है।
शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया। संस्था ने भविष्य में भी शिक्षा, सेवा और समाज कल्याण से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियान निरंतर संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया।