रतलाम। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी मिशा सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को जिला परिवहन विभाग ने जिले में संचालित स्कूल बसों का विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। जिला परिवहन अधिकारी जगदीश बिल्लोरे एवं उनकी टीम ने स्कूल बसों की फिटनेस, सुरक्षा उपकरणों तथा आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले चार वाहनों पर कार्रवाई करते हुए कुल 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
निरीक्षण के दौरान बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), आपातकालीन खिड़की एवं दरवाजे, व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस (VLTD), प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, फायर अलार्म सिस्टम, पैनिक बटन तथा स्पीड गवर्नर की जांच की गई। सभी वाहनों को चलाकर स्पीड गवर्नर और एसएलडी डिवाइस की कार्यप्रणाली भी परखी गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाई गई।
जांच के दौरान एक स्कूल बस का परमिट वैध नहीं मिलने पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जबकि तीन वाहनों के पीयूसी प्रमाणपत्र वैध नहीं पाए जाने पर 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल चार वाहनों से 20 हजार रुपये की समझौता शुल्क राशि वसूल की गई।
निरीक्षण में एक स्कूल बस का फर्श और छत क्षतिग्रस्त पाए गए। साथ ही वाहन का केबिन तथा आपातकालीन खिड़की और दरवाजा भी निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। परिवहन विभाग ने संबंधित स्कूल संचालक को वाहन की सभी कमियां दूर कर पुनः निरीक्षण के लिए प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और स्कूल वाहनों के विरुद्ध इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।