नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारंभ कार्यक्रम का तीसरा दिवस उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं को महाविद्यालय की विभिन्न शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में विभिन्न प्रभारियों ने अपने-अपने विभागों एवं गतिविधियों का परिचय दिया। डॉ. रश्मि वर्मा ने राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), स्वयं पोर्टल एवं प्रतिभा किरण छात्रवृत्ति, डॉ. हिना हरित ने राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), डॉ. महेंद्र राव ने खेल गतिविधियों, प्रो. ज्योति वर्मा ने गांव की बेटी छात्रवृत्ति तथा डॉ. अमृता सोनी ने संगीत विषय से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी छात्राओं को दी।
कार्यक्रम में महाविद्यालय की वरिष्ठ छात्राओं ने भी अपने अनुभव साझा किए। एनएसएस स्वयंसेवक खुशी मेहरा ने बताया कि एनएसएस के माध्यम से उन्हें महाविद्यालय, जिला, विक्रम विश्वविद्यालय एवं मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय शिविर में भाग लेने का अवसर मिला। उन्होंने विभिन्न पुरस्कारों एवं देशभर के विद्यार्थियों के साथ मिले अनुभवों को भी साझा किया।
इसी प्रकार एनसीसी कैडेट लकी पारवानी ने एनसीसी के माध्यम से क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय शिविरों में भागीदारी, भारत भ्रमण तथा साहसिक गतिविधियों के अनुभव साझा किए। वरिष्ठ छात्राओं के प्रेरक अनुभवों से प्रभावित होकर कई नवप्रवेशित छात्राओं ने एनएसएस एवं एनसीसी जैसी गतिविधियों से जुड़ने की इच्छा व्यक्त की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनके शैक्षणिक लक्ष्य एवं रुचियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जीवन की हर परिस्थिति में सकारात्मक और प्रसन्न रहने का प्रयास करना चाहिए। सकारात्मक सोच कार्यक्षमता बढ़ाती है और सफलता का मार्ग प्रशस्त करती है।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. संजय बिजोलिया ने किया। समापन महाविद्यालय की एनसीसी छात्राओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक स्वागत नृत्य के साथ हुआ। कार्यक्रम में महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्राएं उपस्थित रहीं।