माउंट आबू। पश्चिम भारत के एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल माउंट आबू में शुक्रवार रात से शुरू हुआ बारिश का दौर शनिवार सुबह तक जारी रहा। करीब 49 मिलीमीटर यानी 2 इंच से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे पूरे क्षेत्र का मौसम सुहावना हो गया।
बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम में आए इस बदलाव का असर सीधे पर्यटन पर देखने को मिल रहा है।
गुजरात, सूरत सहित अन्य राज्यों से आए पर्यटक माउंट आबू की प्राकृतिक सुंदरता और ठंडी फिजा का जमकर आनंद ले रहे हैं। सुबह के समय प्रसिद्ध नक्की झील पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई, जहां लोग नौका विहार का आनंद लेते नजर आए।
वीकेंड को देखते हुए होटल व्यवसायियों और स्थानीय कारोबारियों को अच्छी भीड़ की उम्मीद है। लगातार बारिश जारी रही तो आने वाले दिनों में झरनों के बहने की संभावना भी बढ़ जाएगी, जिसका पर्यटक खास इंतजार करते हैं।
मौसम विभाग द्वारा देश के 11 राज्यों में जारी बारिश अलर्ट का असर भी माउंट आबू में साफ देखने को मिल रहा है। चाहे गर्मी हो, सर्दी हो या बारिश-माउंट आबू हर मौसम में पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहता है।