नीमच। मध्यप्रदेश पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रदेशभर में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष "सेफ क्लिक 2.0" साइबर जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को नीमच जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान का उद्देश्य बढ़ते साइबर अपराधों एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी पर अंकुश लगाना तथा आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में 3 जुलाई को थाना बघाना क्षेत्र की जामा मस्जिद, जीरन कृषि उपज मंडी, मनासा के शासकीय माध्यमिक विद्यालय हाड़ी पिपलिया, कुकड़ेश्वर के बालाजी मंदिर परिसर फुलपुरा, रामपुरा एवं सिंगोली बस स्टैंड सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रमों में विद्यार्थियों, व्यापारियों, किसानों एवं आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी निवेश योजनाएं, डिजिटल अरेस्ट, ओटीपी व केवाईसी फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, क्यूआर कोड फ्रॉड तथा साइबर बुलिंग जैसी घटनाओं से बचाव के बारे में जानकारी दी गई। इस दौरान साइबर सुरक्षा संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा उपस्थित लोगों को साइबर स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी, पासवर्ड अथवा बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने, फर्जी कॉल एवं मैसेज पर भरोसा करने से बचें। साथ ही ऑनलाइन भुगतान से पहले वेबसाइट की सत्यता जांचें, मजबूत पासवर्ड एवं टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) का उपयोग करें तथा केवल अधिकृत स्रोतों से ही मोबाइल एप डाउनलोड करें।
पुलिस ने बताया कि किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस थाने की साइबर हेल्प डेस्क, राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
"सतर्क रहें, सजग रहें, सुरक्षित रहें" - इसी संदेश के साथ पुलिस द्वारा अभियान के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है।