नीमच। मध्यप्रदेश में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को उज्जैन रेंज में अब तक की बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 240 करोड़ रुपये मूल्य के 110 टन जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण शुरू किया गया। यह कार्रवाई नीमच स्थित विक्रम सीमेंट, खोर परिसर में केंद्रीय गृह मंत्रालय के अभियान के अंतर्गत गठित समिति की निगरानी में की जा रही है।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उज्जैन रेंज राकेश गुप्ता के मार्गदर्शन में रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों के विभिन्न थानों में वर्षों से जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किया जा रहा है। नष्टीकरण समिति के अध्यक्ष उप पुलिस महानिरीक्षक निमिष अग्रवाल हैं, जबकि पुलिस अधीक्षक मंदसौर विनोद मीणा एवं पुलिस अधीक्षक नीमच राजेश व्यास समिति के सदस्य हैं।
समिति द्वारा लगभग 110 टन मादक पदार्थ नष्ट किए जा रहे हैं, जिनमें डोडाचूरा, अफीम, ब्राउन शुगर, एमडी, गांजा और चरस सहित अन्य प्रतिबंधित मादक पदार्थ शामिल हैं। यह सामग्री 1040 प्रकरणों में विभिन्न थानों से जब्त की गई थी, जिसकी अनुमानित अंतरराष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 240 करोड़ रुपये आंकी गई है।
डीआईजी निमिष अग्रवाल ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशानुसार मादक पदार्थों के सुरक्षित नष्टीकरण की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। कार्रवाई से पहले सभी जब्त सामग्री का संबंधित राजपत्रित अधिकारियों द्वारा सत्यापन किया गया तथा पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी भी कराई गई।
उन्होंने कहा कि इस अभियान से थानों के मालखानों में वर्षों से रखे मादक पदार्थों का सुरक्षित निस्तारण होगा, जिससे चोरी, गबन या दुरुपयोग की आशंका समाप्त होगी। शुक्रवार को रतलाम और नीमच जिलों के जब्त मादक पदार्थों का नष्टीकरण किया गया, जबकि शनिवार को मंदसौर जिले की जब्त सामग्री का नष्टीकरण किया जाएगा।