नीमच। कलेक्टर दिनेश जैन के मार्गदर्शन में जिले में चलाए जा रहे नि:शुल्क ब्लड प्रेशर जांच अभियान का आमजनों को लाभ मिल रहा है। सोमवार से प्रारंभ हुए इस अभियान के तहत पहले दिन ही जिले के कुल 45 मेडिकल स्टोर पर 938 लोगों ने अपने ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच करवाई। जिन्हें ब्लड प्रेशर जांच कार्ड प्रदान किया गया। इनमें से 155 लोगों को ब्लड प्रेशर जांच में सामान्य पाया गया है। जो कि 16.5 प्रतिशत है।
बर्डिया के मोहनलाल मेघवाल जब सोमवार को दवाई दुकान पर आए, तो उनके ब्लड प्रेशर की नि:शुल्क जांच की गई। जांच में उनका ब्लड प्रेशर असामान्य पाया गया। उन्हें सलाह दी गई, कि वे चिकित्सक से परामर्श लेकर, उपचार प्राप्त करें। मोहनलाल मेघवाल को पहले यह पता ही नहीं था, कि उनका ब्लड प्रेशर असामान्य है। मोहनलाल मेघवाल ने नि:शुल्क बीपी जाचं अभियान के लिए जिला प्रशासन एवं जिला केमिस्ट एसोशिएशन को धन्यवाद दिया है।
उन्होने कहा, कि इस अभियान की वजह से उन्हें पता चल पाया है, कि उनका ब्लड प्रेशर सामान्य नहीं है। अब वे चिकित्सक की सलाह पर सही समय पर अपना उपचार करवा सकेंगे।