विदिशा। जिला स्तरीय रोजगार दिवस कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र विदिशा के सभागार कक्ष में हुआ। राज्य स्तरीय कार्यक्रम मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में मुरैना जिले में आयोजित हुआ था। जिसका सीधा प्रसारण जिला स्तरीय कार्यक्रम में भी किया गया। जिसे कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों व हितग्राहियों के द्वारा देखा सुना गया।
उक्त कार्यक्रम में 1488 हितग्राहियों को 14 करोड़ 4 लाख की राशि का स्वीकृति, वितरण किया गया है, इस कार्यक्रम में विदिशा विधायक मुकेश टंडन शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ टंडन सुमित अन्य अधिकारियों के द्वारा मां सरस्वती जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व कन्या पूजन कर किया गया।
विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि विभिन्न परिवारों को सीधा रोजगार इस कार्यक्रम के माध्यम से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व के समय की बात करें तो आम व्यक्ति को अपना स्वयं का उद्योग, व्यापार प्रारंभ करने हेतु ऋण प्राप्त करने के लिए कार्यालयों के चक्कर लगाना पड़ते थे, लेकिन आज केंद्र व राज्य सरकार द्वारा आम जनों को स्वयं का उद्योग व्यापार प्रारंभ करने के लिए ढूंढ-ढूंढ कर ऋण मुहैया करा रही है। अभी हाल ही में प्रधानमंत्री ने नवीन पीएम विश्वकर्म योजना शुरू की गई है। उन्होंने आगे कहा कि परिवार आत्मनिर्भर होगा तभी प्रदेश और देश की प्रगति होगी।
विधायक टंडन ने प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि, आयुष्मान योजना, तीर्थ दर्शन योजना, लाडली लक्ष्मी, लाड़ली बहना योजना समेत अन्य योजनाओं पर विस्तृत प्रकाश डाला उन्होंने कहा कि यह सभी योजनाएं आम नागरिकों के हित में चलाई जा रही हैं।