देवास। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ऋषव गुप्ता ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन-2024 कार्यक्रम की घोषणा के बाद स्टैंडिंग कमेटी की बैठक और पत्रकार वार्ता की। कलेक्टर गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा निर्वाचन-2024 कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही देवास जिले में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है। जिले में आदर्श आचरण संहिता का कढ़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। आदर्श आचरण संहिता के प्रभावशील होने के तत्काल बाद जिला प्रशासन द्वारा संपत्ति विरूपण अधिनियम व अन्य प्रावधानों के तहत तत्काल कार्यवाही शुरू कर दी गई है।जिले में विदिशा संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 07 मई और देवास तथा खण्डवा संसदीय क्षेत्र के लिए मतदान 13 मई को होगा।देवास जिले में कुल 12 लाख 17 हजार 99 मतदाता जिसमें 06 लाख 20 हजार 918 पुरूष, 05 लाख 96 हजार 168 महिला और 13 अन्य मतदाता है जो अपने मतो का प्रयोग करेंगे।पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि लोकसभा निर्वाचन जिले में निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर सम्पन्न कराया जायेगा। लोकसभा निर्वाचन प्रक्रिया निर्वघ्न रूप से सम्पन्न हो इसके लिए सुरक्षा के तमाम प्रबंध सुनिश्चित किए गए है। जिले में अपराधियों, अवधै शराब पर कार्यवाही की जायेगी। जिले में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। किसी भी मतदाता को कोई भी भयभीत नही कर सकता है। यदि कही ऐसा करता पाया गया तो उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी।