मुरैना। साइबर अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "SAFE CLICK 2.0" अभियान के 14वें दिन मंगलवार को मुरैना में साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने अटल स्मारक से हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया।
मैराथन शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंची। इसमें पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, 5वीं वाहिनी विशेष बल, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, एनसीसी, एनएसएस, छात्र-छात्राएं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और आम नागरिकों सहित 250 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि डिजिटल दौर में साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने सभी नागरिकों से साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और अपने परिवार व समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
मैराथन के दौरान प्रतिभागियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े पेम्फलेट वितरित कर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में महिला एवं पुरुष वर्ग के विजेताओं को मेडल देकर सम्मानित किया गया तथा सभी प्रतिभागियों को फल वितरित किए गए। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, अपना ओटीपी, पासवर्ड, सीवीवी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं। अंत में सभी प्रतिभागियों ने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने और साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।