भोपाल। मध्यप्रदेश में कक्षा 5वीं और 8वीं की पुन: परीक्षा में शामिल हुए लाखों विद्यार्थियों का इंतजार आज खत्म होने जा रहा है। राज्य शिक्षा केंद्र, स्कूल शिक्षा विभाग सोमवार (7 जुलाई) दोपहर 2 बजे पुन: परीक्षा का परिणाम घोषित करेगा। विद्यार्थी और अभिभावक राज्य शिक्षा केंद्र के ऑनलाइन पोर्टल पर रोल नंबर दर्ज कर अपना रिजल्ट देख सकेंगे।
राज्य शिक्षा केंद्र के अनुसार, पुन: परीक्षा का आयोजन 16 से 23 जून 2026 के बीच किया गया था। इसमें प्रदेश के सरकारी, निजी स्कूलों और पंजीकृत मदरसों के कक्षा 5वीं के 1.17 लाख से अधिक तथा कक्षा 8वीं के 1.32 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। दोनों कक्षाओं को मिलाकर 2.49 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं पुन: परीक्षा में शामिल हुए थे।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए प्रदेशभर में 322 मूल्यांकन केंद्र बनाए गए थे। करीब 17 हजार से अधिक मूल्यांकनकर्ताओं ने कॉपियों की जांच कर विद्यार्थियों के अंक ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किए हैं। मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद आज दोपहर 2 बजे परिणाम जारी किए जाएंगे।
रिजल्ट जारी होने के बाद विद्यार्थी और अभिभावक पोर्टल पर रोल नंबर दर्ज कर अपना परिणाम देख सकेंगे। वहीं शिक्षक और संस्था प्रमुख भी अपनी-अपनी शालाओं का विद्यार्थीवार परिणाम इसी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे।