नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में उस समय अलग नजारा देखने को मिला, जब ग्राम झांतला निवासी पन्नालाल पिता नाथूलाल खटीक अपनी शिकायत को लेकर लोट लगाते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचा। उसके इस अनोखे विरोध ने जनसुनवाई में मौजूद अधिकारियों और लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।
पन्नालाल ने शिकायत में आरोप लगाया कि ग्राम झांतला स्थित उसकी 0.2500 हेक्टेयर कृषि भूमि पर कांतिलाल पिता नाथूलाल खटीक ने अवैध कब्जा कर रखा है। उसने बताया कि भूमि का सीमांकन हो चुका है, इसके बावजूद आज तक उसे उसकी जमीन का वास्तविक कब्जा नहीं दिलाया गया।
पीड़ित ने संबंधित हल्का पटवारी पर विपक्षी से मिलीभगत कर कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया। उसका कहना है कि विपक्षी अपने हिस्से की भूमि अन्य लोगों को बेच चुका है, लेकिन उसकी जमीन पर अब भी अवैध कब्जा बनाए हुए है।
जनसुनवाई में पन्नालाल ने प्रशासन से अवैध कब्जा हटवाकर उसे उसकी भूमि का कब्जा दिलाने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की।