नीमच। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गेहलोत ने मंगलवार को परिवार सहित जिले के प्रसिद्ध श्री संकट मोचन हर्कियाखाल बालाजी मंदिर पहुंचकर भगवान बालाजी के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल के मंदिर आगमन पर जिला प्रशासन की ओर से कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।
मंदिर समिति की ओर से मुख्य पुजारी पंडित लक्ष्मीनारायण शर्मा, दशरथ भाई एवं अन्य पदाधिकारियों ने शाल एवं श्रीफल भेंटकर राज्यपाल का अभिनंदन किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने भी मुख्य पुजारी का सम्मान किया।
इस दौरान नीमच विधायक दिलीपसिंह परिहार, सांसद प्रतिनिधि ओ.पी. गेहलोत, पूर्व विधायक जितेंद्र गेहलोत, अपर कलेक्टर बी.एस. कलेश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीएम पराग जैन, मंदिर समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।