उज्जैन। शहर के नानाखेड़ा बस स्टैंड स्थित 'प्रिया मोबाइल' दुकान पर हफ्ता वसूली को लेकर गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। राजीव रत्न कॉलोनी निवासी संजय जसोदिया क्रिकेट बैट लेकर दुकान पर पहुंचा और संचालक से हर सप्ताह 3 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की। जब दुकान संचालक ने हफ्ता देने से इनकार किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दुकान में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी।
आरोपी ने क्रिकेट बैट से दुकान के काउंटर और कांच तोड़ दिए, जिससे दुकान में रखे मोबाइल फोन और मोबाइल कवर क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना में करीब 1.50 लाख रुपये का नुकसान बताया जा रहा है। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।
घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। पीड़ित दुकान संचालक आकाश सिसोदिया की शिकायत पर नानाखेड़ा थाना पुलिस ने आरोपी संजय जसोदिया के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।