उज्जैन। कलेक्टर रौशन कुमार सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माण कार्यों, जनसुरक्षा, सीएम हेल्पलाइन, उर्वरक वितरण तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने वर्षाकाल के दौरान जनसुरक्षा को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण एजेंसियां सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने पुल-पुलियाओं एवं रपटों पर बैरिकेडिंग लगाने तथा पानी भरने की स्थिति में आवागमन नहीं करने संबंधी स्पष्ट चेतावनी संकेतक लगाने के निर्देश दिए। अति वर्षा के दौरान पुल-पुलियाओं पर शासकीय कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने और आमजन को समझाइश देने के भी निर्देश दिए गए।
नगर निगम को सड़कों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा किसी भी दुर्घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में 50 दिन से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण करने, किसानों को समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने तथा किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति में तेजी लाने पर जोर दिया गया। साथ ही संबल योजना के सभी पात्र हितग्राहियों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्रेयांस कुमट, नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, वनमंडलाधिकारी अनुराग तिवारी, एडीएम अत्येंद्र सिंह गुर्जर, अपर कलेक्टर शाश्वत शर्मा, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।