नीमच। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में 95 वर्षीय पांची बाई शर्मा वॉकर के सहारे पहुंचीं। कार्यालय परिसर से उन्हें व्हीलचेयर के माध्यम से जनसुनवाई कक्ष तक ले जाया गया, जहां उन्होंने अपने पुत्र पर विश्वासघात, मारपीट और संपत्ति हड़पने के गंभीर आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई।
अपने आवेदन में पांची बाई ने बताया कि उन्होंने विश्वास के आधार पर अपने पुत्र को सोना-चांदी के आभूषण, कृषि भूमि के मूल दस्तावेज तथा करीब 10 लाख रुपये नकद सुरक्षित रखने के लिए दिए थे। उनका आरोप है कि पुत्र ने सामान और नकदी लौटाने के बजाय उन्हें घर से निकाल दिया तथा विरोध करने पर उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
वृद्धा ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने की बात कहने पर पुत्र ने कथित रूप से अपने प्रभाव का हवाला देकर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया।
जनसुनवाई में उन्होंने प्रशासन से अपने आभूषण, नकदी और दस्तावेज वापस दिलाने, सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।