चित्तौड़गढ़। जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन सुदर्शन चक्र-02 के तहत जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के एक प्रकरण में लंबे समय से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को उदयपुर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर थाना शंभूपुरा पुलिस के सुपुर्द किया।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत इनामी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस निरीक्षक जोधाराम के नेतृत्व में एएसआई सूरज कुमार सहित डीएसटी की टीम गठित की गई थी।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि संपत पुत्र दूदा डांगी, निवासी भीमल चारण, थाना वल्लभनगर (उदयपुर), जो एनडीपीएस मामले में थाना शंभूपुरा से वांछित एवं 10 हजार रुपये का इनामी आरोपी है, अहमदाबाद से उदयपुर आएगा और वहां से ट्रेन द्वारा दिल्ली रवाना होगा।
सूचना के आधार पर डीएसटी ने उदयपुर रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर बताए गए हुलिए के व्यक्ति को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संपत डांगी के रूप में होने पर उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए थाना शंभूपुरा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम ने अहमदाबाद से उदयपुर तक मुखबिर तंत्र और तकनीकी निगरानी के आधार पर लगातार ट्रैकिंग की, जिसके बाद उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया गया।