गुना। महिला कांग्रेस के आव्हान पर 22 जुलाई को हनुमान चौराहे पर महिला हिंसा के विरोध में प्रदर्शन करने वाले नेताओं पर एफआईआर दर्ज करने की निंदा करते हुए पार्टी ने एसपी को ज्ञापन सौंपा है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के दौरान महिला और पुरुष नेताओं पर दर्ज किए गए मुकद्दमे में खात्मा रिपोर्ट लगाने की मांग की। इसके बाद मीडिया से चर्चा करते हुए मेहरबान सिंह धाकड़ ने आरोप लगाया कि भाजपा कांग्रेस की आवाज को दबाना चाहती है, यह सरकार अंग्रेजों से भी ज्यादा दमनकारी और बुरी है।
पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार सिन्हा से मुलाकात के दौरान कांग्रेस नेताओं ने बताया कि उन्होंने 22 जुलाई को हनुमान चौराहे पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। इससे पहले दोपहर 1 बजे एसडीएम को सूचना भी दे दी गई थी, इसीलिए चौराहे पर पुलिस फोर्स पहुंच गया था। नियमों का पालन करने के बावजूद भाजपा की शह पर पुलिस ने 18 कांग्रेस नेताओं, जिनमें महिलाएं भी शामिल हैं उन पर मुकद्दमा दर्ज कर लिया गया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने बताया कि एसपी ने मुलाकात के दौरान माना है कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है। इसलिए कांग्रेस को उम्मीद है कि जल्द ही पुलिस जांच करने के बाद केस में खात्मा रिपोर्ट दर्ज करेगी।
महिलाओं को डराने दर्ज किया प्रकरणमहिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष सीमा यादव ने बताया कि भाजपा के इशारे पर जानबूझकर एफआईआर दर्ज कराई गई है, ताकि भविष्य में महिला कांग्रेस महिलाओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में आवाज न उठा सके। कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने चेतावनी दी है कि पुलिस सत्ता पक्ष को बेवजह लाभ देते हुए इस तरह का रवैया अपनाएगी तो पूरे जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहाकि भाजपा से मिलकर पुलिस कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित कर रही है, इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मुकद्दमा महिलाओं को डराने के लिए दर्ज किया गया है, लेकिन कांग्रेस इस रवैये के खिलाफ दोगुनी ताकत से एकजुट होगी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने भाजपा समर्थित छात्र संगठन एबीवीपी द्वारा वंदना कॉन्वेंट स्कूल में किए गए प्रदर्शन का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा के संगठन पुलिस और सरकार के संरक्षण का लाभ उठाते हुए उत्पात मचा रहे हैं, जिन्हें रोका नहीं जा रहा है।