नीमच। शासन के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद नीमच द्वारा मंगलवार को नगर पालिका कार्यालय में ‘नमस्ते दिवस’ का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति गौरव चोपड़ा के मार्गदर्शन एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी दुर्गा बामनिया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सफाई मित्रों का सम्मान कर उन्हें सुरक्षा किट एवं अन्य आवश्यक उपकरण वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान सफाई मित्रों को माला पहनाकर सम्मानित किया गया तथा कार्य के दौरान उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पीपीई किट, मास्क, ग्लव्स, सेफ्टी कैप एवं गमबूट सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण प्रदान किए गए। इसके साथ ही पात्र सफाई कर्मचारियों का पंजीयन कर उन्हें आयुष्मान भारत कार्ड एवं ई-श्रम कार्ड भी वितरित किए गए, ताकि वे विभिन्न शासकीय स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर सफाई मित्रों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श एवं आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा को सुनिश्चित करना तथा उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य अधिकारी दिनेश टांक, सिटी मिशन मैनेजर प्रवीण आर्य, विकास तंबोली, सुनील सेन, लखन व्यास सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सहयोगी संस्था यूनिक वेस्ट मैनेजमेंट के प्रतिनिधि लखन व्यास, जहिन खान भसीन एवं निकिता जाट द्वारा किया गया।