आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले के बोरी की जघन्य घटना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा और संवेदनशील निर्णय लेते हुए पीड़ित परिवार के लिए 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पीड़िता को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए तथा घटना में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत कठोर और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
घटना के बाद कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान लगातार पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क में रहे तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी मुख्यमंत्री को दी। इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात कर उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने का आग्रह किया, जिसे मुख्यमंत्री ने तत्काल मंजूरी दे दी।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान, सांसद अनिता चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष (मकू) परवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, पूर्व विधायक माधोसिंह डावर और युवा नेता विशाल रावत सहित भाजपा प्रतिनिधिमंडल बोरी पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। राजनीति
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को पीड़िता के उपचार की लगातार निगरानी रखने और सभी आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं पुलिस विभाग को स्पष्ट आदेश दिए गए हैं कि इस जघन्य अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा न जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि प्रदेश सरकार “जीरो टॉलरेंस” की नीति पर काम कर रही है और महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वाले किसी भी दोषी को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।