नीमच। मध्य प्रदेश शासन के नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के अंतर्गत बुधवार को स्वामी विवेकानंद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नीमच में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में नशा मुक्ति शपथ एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने, समाज को नशामुक्त बनाने तथा अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता रैली भी निकाली गई।
एनएसएस स्वयंसेवकों एवं एनसीसी कैडेट्स ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। प्राचार्य डॉ. प्रशांत मिश्रा ने कहा कि युवा शक्ति यदि नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़े तो एक स्वस्थ, सुरक्षित एवं सशक्त समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे के दुष्परिणामों के प्रति स्वयं जागरूक रहने तथा समाज में जनजागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी अशोक लश्कर सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनएसएस स्वयंसेवक एवं एनसीसी कैडेट्स उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान युवाओं ने नशामुक्त भारत के संकल्प के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।