भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग वापस ले लिया गया है। अब वे केवल आनंद विभाग के मंत्री रहेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पशुपालन विभाग अपने पास रखते हुए सामान्य प्रशासन विभाग से इसका आदेश जारी करा दिया है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह लखन पटेल को मुख्यमंत्री निवास बुलाया गया, जहां विभागीय बदलाव को लेकर चर्चा हुई। इसके बाद गजट अधिसूचना भी जारी कर दी गई।
अब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, खनिज, विमानन, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन सहित पशुपालन एवं डेयरी विभाग भी रहेगा। इस बदलाव के बाद मुख्यमंत्री के पास कुल 11 विभाग हो गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक स्वावलंबी गोशालाओं के लिए जमीन आवंटन और चयनित संस्थाओं को लेकर उठे विवाद के बाद यह फैसला लिया गया। मामले की शिकायत संघ और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व तक पहुंचने की भी चर्चा है। हालांकि सरकार की ओर से विभाग हटाने के कारणों पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।