निवाड़ी। जिले के शासकीय माध्यमिक शाला बिंदपुरा के शिक्षक अरविंद कुमार त्रिवेदी ने मोटरसाइकिल की जगह साइकिल से स्कूल जाना शुरू कर दिया है। उन्होंने ईंधन बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के लिए यह पहल की है। उनका कहना है कि यह छोटी पहल बड़े बदलाव की शुरुआत बन सकती है।
प्रधानमंत्री की अपील से संकल्प लिया
अरविंद कुमार त्रिवेदी पहले मोटरसाइकिल से स्कूल जाते थे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील से प्रेरित होकर उन्होंने साइकिल से विद्यालय जाने का निर्णय लिया।
अरविंद त्रिवेदी ने कहा, “अगर हम छोटी-छोटी आदतों में बदलाव लाएं, तो देश की बड़ी समस्याओं का समाधान संभव है। साइकिल चलाने से पेट्रोल की बचत होती है, पर्यावरण सुरक्षित रहता है और स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।”
उन्होंने लोगों से सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहन के बजाय साइकिल का उपयोग करने की अपील की। उनका कहना है कि इससे ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण मिलेगा।