रतलाम। जिले में 14 जुलाई से 31 अगस्त तक संचालित किए जा रहे दस्तक अभियान के तहत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. किरण वाडिवा ने सैलाना विकासखंड की विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य सेवाओं को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
दस्तक अभियान के अंतर्गत शून्य से पांच वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को विटामिन-ए एवं आयरन-फोलिक एसिड अनुपूरण, बाल्यकालीन बीमारियों की देखभाल, ओआरएस का वितरण तथा जिंक की गोलियों की प्रदायगी की जा रही है।
डॉ. वाडिवा ने राजस्थान सीमा से लगे ग्राम आरोग्य केंद्र कुंडा अंतर्गत ग्राम बावड़ीखेड़ा कला एवं मकोड़िया रूण्डी के मोरझर में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, पोषण दिवस एवं दस्तक अभियान का निरीक्षण किया। इसके अलावा उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैलाना तथा शहरी मुख्यमंत्री संजीवनी क्लिनिक, उकाला रोड का भी भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं का समय पर पंजीयन सुनिश्चित करने, उन्हें समुचित स्वास्थ्य देखभाल उपलब्ध कराने, नवजात शिशुओं की गृह-भेंट आधारित देखभाल करने तथा भर्ती गर्भवती महिलाओं को स्तनपान संबंधी परामर्श देने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रोटोकॉल आधारित प्रसव सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर बीएमओ डॉ. शैलेष डांगे, डीसीएम कमलेश मुवेल, बीईई कैलाश यादव, बीपीएम धनसिंह रावत, लोकेश वैष्णव एवं सुपरवाइजर कमरूद्दीन शेख उपस्थित रहे।