इंदौर। जिले की सांवेर विधानसभा क्षेत्र में जल संरक्षण और मुक्तिधामों का विकास होगा। पायलेट प्रोजेक्ट में 36 मुक्तिधामों और 11 तालाबों का जीर्णाेद्धार किया जाएगा। यह निर्णय गुरुवार को जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिए गए। कलेक्टर आशीष सिंह और जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन की मौजूदगी में हुई बैठक में मंत्री ने जिले में जल संरक्षण व संवर्धन के कार्यों, शासकीय स्कूलों को सुविधा संपन्न बनाने, राजस्व प्रकरण के त्वरित निराकरण, शासकीय मंदिरों के जीर्णाेद्धार, जल निकासी के कार्य आदि शीघ्र पूरे करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि ग्राम पंचायतों के क्षतिग्रस्त व मरम्मत योग्य 36 मुक्तिधामों को पायलेट प्रोजेक्ट में लेकर शीघ्र प्रस्ताव तैयार किए जाएं। विधानसभा क्षेत्र के बड़े गांवों में बाग-बगीचे और खेल मैदानों के विकास के लिए भी प्रस्ताव बनाए जाएं।
रेसीडेंसी कोठी में बैठक में मंत्री ने जल हठ अभियान के तहत 11 तालाबों झलारिया, सेमलिया रायमल, जगमाल पिपलिया, खुड़ैल बुजुर्ग, पिवड़ाय, बरोदा दौलत, अरणिया कुण्ड, मुंडी तालाब, बुरानाखेड़ी, खेमाना, कम्पेल, मोरोद हाट आदि के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।