चित्तौड़गढ़। शुक्रवार को दिनदहाड़े शहर की प्रताप नगर के निकटवर्ती सेठ सांवरिया कॉलोनी में कलेक्टर के अतिरिक्त निजी सहायक शांतिलाल सुथार के निवास पर पहुंचे बदमाशों ने उनकी पत्नी से जेवर चमकाने के नाम पर करीब 7 तोला सोने के जेवर ठग लिए और मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर आलोक रंजन, जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पर्वत सिंह, डीवाईएसपी तेज प्रताप पाठक, तहसीलदार महिपाल कलाल, नगर परिषद आयुक्त रविंद्र सिंह सहित सदर थाना अधिकारी गजेंद्र सिंह मय पुलिस बल घटनास्थल पहुंचे। आसपास के फुटेज और आस पड़ोस से जानकारी एकत्र कर बदमाशों की धर पकड़ के लिए पुलिस टीमें रवाना की जा चुकी है।
शुक्रवार करीब 11 - 11ः30 बजे दरमियान दो लोग कॉलोनी में पहुंचे 2-3 मकानों में आभूषण चमकाने की बात कही, लेकिन बात नहीं बनी। इस दौरान शांतिलाल सुथार के घर पहुंच कर उनकी पत्नी श्रीमती सरस्वती से तांबे के बर्तन चमकाने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि उन लोगों के कहने पर कुछ बर्तन दिए चिन्हे चमका दिया, इसके बाद एक चांदी का आभूषण चमकाया फिर उनको कहा कि आपके सोने के गहने भी उतार दो इनको भी चमका देंगे। इस पर श्रीमती सरस्वती ने अपने हाथ के कड़े चौन व अन्य जेवर उन्हें दे दिए उन लोगों ने जेवर लेकर चमकाने के लिए पानी में डालकर ना नुकुर के बावजूद बदमाश स्वयं चूल्हे पर गर्म करने के लिए चढाकर वहां से चले गए, और जब तक श्रीमती सरस्वती अपने साथ ठगी का अन्दाजा लगा पाती तब तक दोनों बदमाश फरार हो गए। इसकी सूचना पर तुरंत कलेक्टर के अतिरिक्त निजी सहायक शांतिलाल घर पहुंचे और उन्होंने पुलिस को व जिला कलेक्टर को सूचना दी इसके बाद सभी अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचे।
जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि फुटेज के आधार पर हम बदमाशों की तलाश कर रहे हैं और बदमाश शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे।