देवास। जिले में हितग्राहियों को खाद्यान्न के वितरण के लिए 14 से 16 अक्टूबर तक ‘’अन्न उत्सव’’ का आयोजन किया जा रहा है। जिले के राशन प्राप्त करने वाले शत प्रतिशत हितग्राही अन्न उत्सव में शासकीय उचित मूल्य दुकानों से अपना राशन प्राप्त करें। अन्न उत्सव के आयोजन के लिए नोडल अधिकारी भी नियुक्त किये गये है, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि अन्न उत्सव में शत प्रतिशत हितग्राहियों को राशन प्राप्त हो जाये। अन्न उत्सव में अंत्योदय परिवारों को 24 किलो गेहूं एवं 11 किलो चावल कुल 35 किलो निःशुल्क खाद्यान्न सामग्री मिलेगी। प्राथमिकता परिवारों को 03 किलो गेहूं एवं 02 किलो चावल कुल 05 किलो राशन प्रत्येक सदस्य के मान से निःशुल्क खाद्यान्न मिलेगा। जिले के समस्त पात्र उपभोक्ताओं से आग्रह है कि अन्न उत्सव में माह अक्टूबर की खाद्यान्न सामग्री खाद्यान्न उचित मूल्य दुकानों से निःशुल्क प्राप्त करें।