मंदसौर। शामगढ़ थाना पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मध्यप्रदेश, राजस्थान एवं महाराष्ट्र से चोरी की गई कुल सात मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 95 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरोठ) श्रीराम सनेही मिश्रा एवं एसडीओपी सीतामऊ दिनेश प्रजापति के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को वाहन चेकिंग के दौरान एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल पर सवार युवक से पूछताछ की गई। संदिग्ध प्रतीत होने पर आरोपी कमल सिंह निवासी ग्राम बोरवनी से वाहन के दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की गई, जिसमें उसने उक्त बाइक प्रधान सिंह निवासी चापाखेड़ी से लाना बताया। पुलिस ने संदेह के आधार पर वाहन को जब्त कर जांच शुरू की। पूछताछ में वाहन चोरी का होना सामने आने पर प्रधान सिंह एवं उसके साथी प्रहलाद सिंह को भी हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई।
आरोपियों ने अपने साथियों के साथ मिलकर विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। जांच में बरामद वाहन रतलाम, उज्जैन, झालावाड़ तथा शामगढ़ थाना क्षेत्र से चोरी होना पाए गए हैं। पुलिस मामले की विवेचना कर गिरोह के अन्य सदस्यों एवं चोरी के अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार आरोपी-
- कमल सिंह (23) निवासी ग्राम बोरवनी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर।
- प्रधान सिंह (24) निवासी ग्राम चापाखेड़ी, थाना सुवासरा, जिला मंदसौर।
- प्रहलाद सिंह (23) निवासी ग्राम डूंगरखेड़ी, थाना शामगढ़, जिला मंदसौर।
बरामद मशरूका-
- चोरी की कुल 07 मोटरसाइकिलें।
- कुल अनुमानित कीमत 5 लाख 95 हजार रुपये।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, सहायक उप निरीक्षक शिवकुमार सिंह राजावत, प्रधान आरक्षक धनपाल जाट तथा आरक्षक प्रेम रावत, धर्मेश बैरागी, विशाल सिंह एवं मोकम सिंह सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।