नीमच। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गौ संवर्धन एवं संरक्षण के लिए तेजी से कार्य कर रही है। मध्यप्रदेश में 2500 गौशालाओं में 4 लाख से अधिक गौवंश का पालन किया जा रहा है।सरकार ने गौवंश के बेहतर आहार के लिए प्रति गौवंश मिलने वाली 20 रुपए की राशि बढ़ाकर 40 रुपए कर दी है।
यह बात नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार ने शनिवार को श्रीमद भागवत गौशाला भाटखेड़ा में गोवर्धन पूजा करने के बाद आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने की। इस मौके पर गौशाला के प्रबंधक कैलाशचंद्र अहीर, सरपंच कुलदीप सिंह राठौड़ ,गौशाला संरक्षक नाथू सिंह राठौड़, पूर्व संचालक गजेंद्र सिंह एवं सांसद प्रतिनिधि सत्यनारायण गोयल, जिला पंचायत सीईओ अरविंद डामोर भी मंचासीन थे। मुख्य अतिथि विधायक दिलीप सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन में कहां कि प्रदेश सरकार द्वारा गौ संरक्षण एवं गौ संवर्धन वर्ष मनाया जा रहा है, साथ ही सभी त्यौहार धूमधाम से मनाई जा रहे हैं। सनातन संस्कृति निरंतर प्रगति कर रही है। प्रदेश सरकार हमारी संस्कृति और विरासत को सहजने का कार्य कर रही है।
विधायक परिहार ने भाटखेड़ा गौशाला के विकास के लिए 4 लाख रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा भी की ,जिससे कि यह गौशाला आदर्श गौशाला बन सके। उन्होंने गौ आहार के लिए गौशाला को अपनी ओर से 11हज़ार रुपए देने की बात भी कहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जन सिंह चौहान ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि सनातन संस्कृति में गोवर्धन पूजा का अपना महत्व है।मुख्यमंत्री डॉ यादव ने गोवर्धन पूजा करने का पुनीत कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गाय को माता माना जाता है। चौहान ने उपस्थित जनों से गाय पालने का आव्हान करते हुए कहा कि हम सब यह प्रयास करें कि कोई भी निराश्रित गौवंश सड़कों पर विचरण नहीं करें। हम गौवंश का संरक्षण एवं संवर्धन करने में सहभागी बने। कार्यक्रम को गौशाला प्रबंधक कैलाश अहीर, सरपंच कुलदीप सिंह राठौड़, संरक्षक नाथू सिंह राठौड़ ने भी संबोधित किया। नाथू सिंह राठौड़ ने गौशाला निर्माण एवं संचालन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की एवं गौशाला के बेहतर संचालन में सहयोग के लिए गायत्री परिवार का धन्यवाद किया। उपसंचालक पशुपालन डॉ के.के. शर्मा ने कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचलन पशु चिकित्सक डॉ गर्विता ने किया तथा अंत में डॉ. के.के. शर्मा ने आभार माना।
प्रारंभ में विधायक परिहार एवं अतिथियों ने गौशाला के प्रवेश द्वार पर गायत्री परिवार के आचार्य के नेतृत्व में वैदिक मंत्रोचार के साथ गोवर्धन पूजा की और गौशाला में जाकर गौ माता का पूजन- अर्चन किया। तत्पश्चात अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया । पशुपालन विभाग के डॉ. के.के. शर्मा, डॉ ए.आर. धाकड़ ,डॉ संदीप शर्मा, अजय अहीर, प्रभुलाल धाकड़, भगवान प्रजापति आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। गायत्री परिवार की ओर से अतिथियों को अंग वस्त्रम(दुप्पटा) ओढ़ा कर स्वागत किया गया। विधायक परिहार ने उपस्थितजनों को गौ संवर्धन एवं गौ रक्षा का सामूहिक संकल्प भी दिलवाया तथा गौ सेवा में लगे गौशाला के गौ सेवकों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर और पुष्पहार से सम्मानित भी किया। गोवर्धन पूजा के अवसर पर जिले की सभी गौशालाओं में गोवर्धन पूजा के कार्यक्रम आयोजित किए गए । अतिथियों ने गौशालाओं में गोवर्धन पूजा एवं गौ पूजन किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि गणमान्य नागरिक पशुपालन विभाग के अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण जन उपस्थित थे।