चित्तौड़गढ़। माननीय उच्च न्यायालय एवं सर्वाेच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में जिले के राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए संयुक्त अभियान लगातार जारी है। गुरुवार को पुलिस एवं संबंधित विभागों की कार्रवाई में 25 अनाधिकृत अतिक्रमण हटाए गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रारंभ की गई, जिसे होड़ा चौराहा से चित्तौड़गढ़ शहर एवं भदेसर चौराहा (उदयपुर मार्ग) तक आगे बढ़ाया जा रहा है। अभियान के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम (क्यूआरटी) भी तैनात रही।
भविष्य में पुनः अतिक्रमण रोकने के उद्देश्य से होटल-ढाबों एवं सर्विस रोड के बीच ढाई से तीन फीट गहरी सुरक्षा खाई (ट्रेंच) भी खोदी गई है। जिला पुलिस ने आमजन से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों की भूमि पर अवैध अतिक्रमण एवं पार्किंग नहीं करने तथा प्रशासन के अभियान में सहयोग करने की अपील की है। आगामी दिनों में भी यह कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।