नीमच। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में कुपोषण उन्मूलन, आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कुपोषण मुक्त नीमच के लिए समन्वित प्रयास तेज करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने गंभीर कुपोषित (एसएएम) बच्चों को इस माह लगभग 1000 न्यूट्री बास्केट वितरित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर उन्हें पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में भर्ती कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी पात्र बच्चों का शत-प्रतिशत पंजीयन, टीकाकरण एवं पोषण आहार वितरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में कुपोषित बच्चों के परिवारों को स्व-सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, किचन गार्डन एवं न्यूट्री गार्डन विकसित करने तथा विभागीय योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।