भोपाल। हरियाणा के बॉर्डर पर डटे किसानों ने दिल्ली कूच का ऐलान किया है। किसानों ने 6 दिसंबर का अल्टीमेटम दिया था और अब आज किसान दिल्ली जा रहे हैं। दिल्ली कूच करने जा रहे अन्नदाताओं में मध्य प्रदेश के भी किसान बड़ी तादात में हैं जो शंभू बॉर्डर पर डटे हैं। जिसे लेकर सियासत शुरू हो गई है। भारतीय किसान संघ ने इसके पीछे की वजह राजनीतिक षड्यंत्र को बताया।
भारतीय किसान संघ ने आंदोलन को बताया गलत
भारतीय किसान संघ का कहना है कि एमपी के किसानों को राजनीतिक षड्यंत्र के चलते भड़काया जा रहा है। संघ का कुछ मांगों पर समर्थन है, लेकिन हमारी आंदोलन से दूरी है। किसान संघ प्रांत प्रचार प्रसार प्रमुख राहुल धुत ने कहा कि मध्य प्रदेश से भी कुछ लोग किसान होने के नाते आंदोलन में हैं। मुआवजा पर्याप्त मिलना चाहिए, डेवलप प्लांट मिलना चाहिए। लेकिन बहुत सी मांगे ऐसी हैं जो दिल्ली का विषय नहीं बल्कि राज्य सरकार का विषय है। इसलिए राज्य के आंदोलन की बात होनी चाहिए।
एमपी के किसानों के साथ राजनीतिक षड्यंत्र
उन्होंने आगे कहा कि दिल्ली में आंदोलन की आवश्यकता नहीं है। राजनीतिक षड्यंत्र के चलते यह आंदोलन जारी है, जो सही नहीं है। प्रदेश के किसानों के साथ राजनीतिक षड्यंत्र किया गया है।