नीमच। शहर के गांधी भवन रोड स्थित सेंट्रल बैंक के समीप फैशन क्यूएनएक्स शोरूम में बीती रात एक शातिर चोर ने निर्माणाधीन भवन का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान से करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी, चांदी के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी कर ले गया। पूरी वारदात शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी बेखौफ होकर चोरी करता दिखाई दे रहा है।
दुकान संचालक शिव माहेश्वरी ने बताया कि शोरूम के समीप निर्माण कार्य चल रहा है। इसी का फायदा उठाकर चोर सीढ़ी के सहारे ऊपर पहुंचा और दीवार में सेंध लगाकर दुकान के अंदर प्रवेश कर गया। इसके बाद उसने गल्ले में रखी करीब डेढ़ लाख रुपए की नकदी और चांदी के सिक्के सहित अन्य सामान चोरी कर लिया और उसी रास्ते से फरार हो गया।
सुबह दुकान खोलने पर चोरी की घटना का पता चला। इसके बाद दुकान संचालक ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
चोरी की पूरी घटना शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में आरोपी बेखौफ होकर दुकान में घूमता और सामान चोरी करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी चोरी के दौरान बिस्किट खाते हुए भी दिखाई दिया।
घटना के बाद शहर के व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।